भीमताल में कांग्रेस का परिवर्तन संकल्प सम्मेलन, विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत का किया दावा

भीमताल। नगर के बाईपास क्षेत्र में बुधवार को कांग्रेस द्वारा परिवर्तन संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा की तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

प्रदेश सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जमीनी स्तर पर काम करना होगा, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में भीमताल सीट पर कांग्रेस जीत दर्ज कर सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक और बूथ को मजबूत करते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ जनता में मौजूद नाराजगी को घर-घर तक पहुंचाना होगा।

कार्यक्रम के जिला प्रभारी करन मेहरा ने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कार्यकर्ताओं को मजबूती से मैदान में उतरना होगा। उन्होंने महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की बात कही तथा जनता को जागरूक करने का आह्वान किया।

सम्मेलन में भीमताल विधानसभा से लाखन सिंह नेगी, हरीश पनेरू, गोपाल सिंह बिष्ट, डॉ. केदार पलड़िया, राकेश बृजवासी और खष्टी बिष्ट ने अपनी दावेदारी रखते हुए दावा किया कि कांग्रेस इस बार भीमताल सीट पर जीत दर्ज करेगी।

सम्मेलन में सुमित ह्रदयेश, राहुल छिमवाल, सीमा टम्टा, देवेंद्र सिंह चनौतिया, महेंद्र पाल, सतीश नैनवाल, सतीश टम्टा, भूपेंद्र कनौजिया, नीरज कुमार मोनू, भुवन तिवारी, डीके डालाकोटी और संजय साह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *