सड़क पर डाली निर्माण सामग्री सीज, 10 हजार का चालान

रोडवेज स्टेशन पर अव्यवस्थित टैक्सियों पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश

भीमताल , 28 फरवरी। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार प्रातः हल्द्वानी भ्रमण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के समीप सड़क पर डाली गई भवन निर्माण सामग्री (रेता) को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सीज करने के निर्देश दिए। मौके पर ही संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध 10 हजार रुपये का चालान भी कराया गया।
आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि सड़क मार्ग पर भवन निर्माण सामग्री पाए जाने पर भविष्य में कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
भ्रमण के दौरान रोडवेज स्टेशन क्षेत्र में सवारियां ढोने के लिए खड़ी की जा रही कमर्शियल टैक्सियों द्वारा सड़क मार्ग अवरुद्ध किए जाने पर भी आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने आरटीओ और पुलिस विभाग के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि कमर्शियल टैक्सियों के लिए नैनीताल रोड पर निर्धारित टैक्सी स्टैंड बनाया गया है, अतः सभी टैक्सियां वहीं खड़ी की जाएं और सवारियां भी वहीं से बैठाई जाएं। अन्यत्र सवारियां बैठाने पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इसके अतिरिक्त आयुक्त ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि क्षेत्र में संचालित निर्माण कार्यों की सामग्री सड़क पर न डाली जाए, बल्कि उसे सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्थान पर रखा जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *