जमरानी बांध परियोजना में स्थानीय वाहनों व रोजगार को प्राथमिकता देने की मांग

भीमताल। जमरानी बांध परियोजना से प्रभावित क्षेत्रवासियों ने परियोजना में स्थानीय संसाधनों के उपयोग और रोजगार देने की मांग को लेकर जिलाधिकारी नैनीताल को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में जमरानी बांध परियोजना क्षेत्र में बाहरी वाहनों को प्राथमिकता दिए जाने से स्थानीय वाहन स्वामियों और युवाओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि दिसंबर 2023 को प्रशासन द्वारा आश्वासन दिया गया था कि जमरानी बांध परियोजना में कार्यरत वाहनों में स्थानीय वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके बावजूद वर्तमान में बाहरी ठेकेदारों और वाहनों का अधिक उपयोग किया जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है।
प्रभावित ग्रामीणों का कहना है कि जमरानी बांध परियोजना क्षेत्र से बड़ी संख्या में परिवार प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए हैं और उनकी आजीविका का मुख्य साधन स्थानीय वाहन संचालन व मजदूरी है। ऐसे में यदि स्थानीय लोगों को ही दरकिनार किया गया तो इसका सीधा असर उनके जीवन-यापन पर पड़ेगा।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई है कि परियोजना क्षेत्र में वाहनों की तैनाती और रोजगार देने में क्षेत्र की समिति की संस्तुति व प्राथमिकता को अनिवार्य किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को उनका अधिकार मिल सके। साथ ही पूर्व में दिए गए आश्वासनों का पालन सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए विवश होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *