भीमताल । विगत दिनों हुई भारी बारिश और लगातार खराब मौसम से भीमताल विधानसभा के किसान-काश्तकारों को भारी नुकसान पहुँचा है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने कहा कि विशेष रूप से धारी ब्लॉक के आलू उत्पादक किसानों की फसलें सड़ चुकी हैं। फूल गोभी, पत्ता गोभी, शिमला मिर्च सहित तमाम सब्जियाँ खेतों में खराब हो गई हैं।
उन्होंने बताया कि जगह-जगह सड़कें बंद हैं, पैदल मार्ग टूट चुके हैं और कई ग्रामीणों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। दीनी मल्ली क्षेत्र पंचायत सदस्य अनिल आर्या ने उन्हें जानकारी दी कि ग्राम सभा में मनोहर लाल, रेखा देवी और चंद्र प्रकाश सहित कई ग्रामीणों को भारी नुकसान हुआ है। शर्मा ने कहा कि दुदुली ग्राम सभा के बैड़ा तोक में कलसा नदी का तेज बहाव हर साल तबाही मचाता है। इस बार ग्रामीण भोला दत्त के खेत कटकर मकान तक पहुँच गए हैं। उन्होंने सरकार से बैड़ा तोक के ग्रामीणों का तत्काल विस्थापन करने और जमरानी डैम प्रभावितों की तरह सुरक्षित जगह उपलब्ध कराने की माँग की। कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार को उदारवादी दृष्टिकोण अपनाकर नुकसान का आकलन करना चाहिए और तत्काल मुआवजा देना चाहिए। अन्यथा यहाँ से बड़े पैमाने पर पलायन होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने बैड़ा तोक की अनदेखी की तो कांग्रेस जनता की लड़ाई को बड़े मंच पर उठाएगी।