लेक्स इंटरनेशनल स्कूल के कुनाल अग्रवाल का दिल्ली विश्वविद्यालय में चयन

विद्यालय टॉपर से असिस्टेंट प्रोफेसर तक का सफर

भीमताल। लेक्स इंटरनेशनल स्कूल, भीमताल के पूर्व छात्र कुनाल अग्रवाल का चयन दिल्ली विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर हुआ है। मूल रूप से मथुरा निवासी कुनाल ने विद्यालय के छात्रावास में रहकर कक्षा एक से 12वीं तक की शिक्षा प्राप्त की थी। वर्ष 2015-16 बैच में कुनाल ने सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में विद्यालय टॉपर रहकर उत्कृष्ट सफलता हासिल की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से वाणिज्य स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। साथ ही उन्होंने नेट परीक्षा भी श्रेष्ठ अंकों के साथ उत्तीर्ण की। विद्यालय में अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त कर उसी विश्वविद्यालय में उच्च पद तक पहुँचना उनके लिए ही नहीं बल्कि विद्यालय व क्षेत्र के लिए भी गर्व का विषय है।
प्रधानाचार्य एस.एस. नेगी ने कुनाल अग्रवाल, उनके परिवार और अभिभावकों को शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल डॉक्टर और इंजीनियर बनने की परंपरागत सोच से हटकर अन्य क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट भविष्य तलाशना चाहिए।
विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने भी कुनाल की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *