हल्द्वानी में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार: 13 मार्च तक लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश

भीमताल , 27 फरवरी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शुक्रवार को कैम्प कार्यालय, हल्द्वानी में यूयूएसडीए, सिंचाई, जल संस्थान, पेयजल निगम, विद्युत, एचपीसीएल सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित सड़क चौड़ीकरण, सीवर लाइन, पेयजल एवं गैस पाइप लाइन, सौंदर्यीकरण और यूटिलिटी डक्ट शिफ्टिंग जैसे विकास कार्यों की गहन समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने के लिए चल रहे कार्यों को दोगुनी गति से पूरा किया जाए। इसके लिए दिन एवं रात्रि—दोनों शिफ्टों में कार्य करने, मैनपावर बढ़ाने तथा 13 मार्च तक निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए। सभी कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ साप्ताहिक बैठक कर समस्याओं का मौके पर समाधान करने को कहा गया। एनओसी से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण भी बैठक में ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि जिन आंतरिक मार्गों में सड़क, सीवर एवं पेयजल के कार्य प्रगति पर हैं, उन्हें पूर्ण करने के बाद ही अन्य क्षेत्रों में कार्य प्रारंभ किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो। सुरक्षा की दृष्टि से सभी कार्यस्थलों पर साइनेंज, बैरिकेडिंग, लाइटिंग और सैंडबैग का उपयोग अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह को निर्देश दिए कि कुसुमखेड़ा चौराहा, लामाचौड़, हनुमान मंदिर तथा मंडी निकट शनि बाजार चौराहे का अतिक्रमण हटने के बाद डीपीआर के तहत सौंदर्यीकरण कार्य 13 मार्च से पूर्व पूर्ण किया जाए।
मंडी गेट के समीप पुलिस चौकी शिफ्ट करने हेतु 25 लाख रुपये की धनराशि मंडी परिषद को दो दिन में हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए, ताकि चौराहे का चौड़ीकरण शीघ्र हो सके। पुलिस, नगर निगम, यूयूएसडीए और सिंचाई विभाग को संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।
सड़क चौड़ीकरण का प्रथम चरण तीनपानी से मंडी गेट तक होली के बाद प्रारंभ किया जाएगा, इसके बाद तीनपानी से कालटैक्स तक कार्य होगा। चौड़ीकरण के साथ विद्युत पोल, पेयजल व जल संस्थान की लाइनों की शिफ्टिंग भी सुनिश्चित की जाएगी। जिन विभागों की भूमि पर अतिक्रमण है, उन्हें शीघ्र हटाने को कहा गया, जिसमें प्रशासन और पुलिस सहयोग करेंगे।
तिकोनिया से काठगोदाम तक सड़क की जद में आ रहे वृक्षों की लॉपिंग तथा पीपल के पेड़ों को अन्यत्र शिफ्ट करने की कार्ययोजना शीघ्र बनाने के निर्देश दिए गए। वन विभाग का सहयोग लेने को भी कहा गया। जिलाधिकारी ने कहा कि अधिक आवागमन वाली सड़कों को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए तथा प्रत्येक 10 दिन में कार्यों की समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जमरानी बांध परियोजना के अंतर्गत काठगोदाम से तुमड़ियाडाम तक प्रस्तावित नहर कार्य में शीशमहल के पास फिल्टर हाउस का पानी बाधा बन रहा है। परियोजना निदेशक ने बताया कि शेष पानी को गौला नदी में डायवर्ट किया जाएगा। जिलाधिकारी ने आपसी समन्वय से समाधान कर शहरवासियों को पेयजल संकट से बचाने के निर्देश दिए
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने कार्यस्थलों पर साइनेंज, सैंडबैग व रिफ्लेक्टर न लगाए जाने तथा मलबा न हटाने पर चिंता जताई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *