भीमताल। होली और रमजान पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में सघन अभियान चलाते हुए मिलावटखोरों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सहायक आयुक्त, खाद्य संरक्षण नैनीताल के नेतृत्व में रामनगर,भीमताल, भवाली व खुटानी क्षेत्र में करीब दो दर्जन खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
छापेमारी के दौरान सेवई, बेसन, पनीर, मिक्स नमकीन और पापड़ के नमूने जांच के लिए लिए गए। टीम ने दुकानदारों को साफ-सफाई रखने, एक्सपायरी उत्पाद न बेचने और निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली न करने की सख्त चेतावनी दी।
वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामनगर असलम खा ने बताया कि रामनगर क्षेत्र में भी अभियान चलाकर मावे के नमूने प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरी रोकने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
अभियान दल में अजब सिंह रावत, अभय कुमार सिंह, असलम खा व नंद किशोर सहित अन्य विभागीय कर्मचारी शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।