भीमताल : दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्र पतलोट में स्थित पीएम श्री अटल उत्कृष्ट शहीद बहादुर सिंह मटियाली वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आज शिक्षा के क्षेत्र में नई रोशनी फैला रहा है।
राज्य सरकार की दूरदर्शी नीतियों और शिक्षकों के समर्पण ने इस विद्यालय को डिजिटल शिक्षा का मिसाल बना दिया है। पहाड़ की भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद विद्यालय में स्मार्ट क्लास, डिजिटल बोर्ड और प्रोजेक्टर आधारित शिक्षण पद्धति अपनाई गई है। इससे विद्यार्थियों की रुचि और सीखने की क्षमता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। हर दिन की शुरुआत विद्यालय में कुमाऊनी भाषा की प्रार्थना से होती है, जो विद्यार्थियों में अपनी संस्कृति के प्रति गर्व और आत्मीयता का भाव जगाती है। साथ ही, सामान्य ज्ञान और अंग्रेजी कौशल पर केंद्रित इंटरएक्टिव सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यालय में एनसीसी प्रशिक्षण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद गतिविधियाँ विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत बना रही हैं।
सरकार की मदद से आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला (लैब) का निर्माण भी प्रगति पर है, जिससे छात्रों को प्रयोगात्मक शिक्षा का नया अवसर मिलेगा। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप विद्यालय के छात्र NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर रहे हैं। यह विद्यालय इस बात का प्रतीक बन गया है कि यदि सरकारी योजनाएं, शिक्षकों की निष्ठा और विद्यार्थियों की मेहनत एक साथ हों, तो पहाड़ की घाटियों में भी शिक्षा का सूरज पूरी चमक से उगता है। राज्य सरकार की “हर गांव में स्मार्ट शिक्षा” की पहल को साकार करता यह विद्यालय आज ग्रामीण क्षेत्रों के लिए प्रेरणादायक मॉडल बन चुका है।