विधायक कैड़ा ने किया रामगढ़ ब्लॉक का दौरा, ग्रामीणों की समस्याएं सुनी

इंटर कॉलेज भवन के जीर्णोद्धार को दी 2 लाख की स्वीकृति

भीमताल : विधायक राम सिंह कैड़ा ने शुक्रवार को रामगढ़ ब्लॉक के दरमोली, पीठोली, पगराड़ी, पोखरी सहित आसपास के गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में बिजली, पानी और सड़क से जुड़ी दिक्कतों को विधायक के सामने रखा। विधायक कैड़ा ने जनता की मांग पर राजकीय इंटर कॉलेज पोखरी के भवन के जीर्णोद्धार के लिए विधायक निधि से दो लाख रुपये की स्वीकृति की घोषणा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। विधायक ने जल निगम अधिकारियों को जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे पेयजल लाइन निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत जल्द कराने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को गांव के अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनना और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना ही सरकार की प्राथमिकता है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अंकित पांडेय, विनोद भट्ट सहित विभागीय अधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *