सेफर इंटरनेट डे पर एआई के सुरक्षित व जिम्मेदार उपयोग को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित

भीमताल । सेफर इंटरनेट डे के अवसर पर मंगलवार को विकास भवन भीमताल में जिला सूचना एवं विज्ञान केंद्र नैनीताल द्वारा एक जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय “स्मार्ट तकनीक, सुरक्षित विकल्प: एआई का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग” रहा।
कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल अरविन्द कुमार पांडे ने इंटरनेट एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रमुख साइबर खतरों, ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए कहा कि डिजिटल युग में जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।
अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी तिलोत्मा यादव ने बताया कि विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को इंटरनेट एवं एआई के सुरक्षित उपयोग के प्रति संवेदनशील बनाने और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हर वर्ष फरवरी के दूसरे मंगलवार को विश्व स्तर पर सुरक्षित इंटरनेट दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष यह दिवस “स्मार्ट तकनीक, सुरक्षित विकल्प, एआई के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग” थीम के अंतर्गत मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इंटरनेट और एआई का सकारात्मक उपयोग शिक्षा, नवाचार और विकास में सहायक है, लेकिन इसके दुरुपयोग से बचाव के लिए सतर्कता और सही जानकारी आवश्यक है।
कार्यशाला में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, जिला शिक्षा अधिकारी पुष्कर लाल टम्टा, जिला पंचायत राज अधिकारी सुरेश कुमार बैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *