भीमताल । जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को जिला कार्यालय सभागार में जनपद से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी समीक्षा बैठक से पूर्व सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर योजनाओं में आ रही बाधाओं का निस्तारण कर लें। जिन योजनाओं की डीपीआर तैयार नहीं हुई है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तैयार किया जाए। भूमि चयन या स्वीकृति से संबंधित समस्याओं का समाधान कर योजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारा जाए। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयावधि में पूर्ण होने चाहिए। जिला स्तरीय अधिकारी निर्माणाधीन कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करें और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, सचिव प्राधिकरण विजयनाथ शुक्ल, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, सिंचाई विभाग, वन विभाग तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।