नैनीताल में सड़क सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी सख्त, दुर्घटना संभावित स्थानों में सुरक्षा उपाय तुरंत करने के दिए निर्देश

भीमताल। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण विभाग के अधिकारियों को कड़ाई से निर्देश दिए कि सभी सड़क मार्गों का नियमित रूप से रोड सेफ्टी ऑडिट किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मार्गों पर गड्ढे भरने और पेंचवर्क कार्य शेष हैं, उन्हें शीघ्र पूरा किया जाए। इसके अलावा दुर्घटना संभावित स्थानों पर बड़े संकेतक बोर्ड लगाए जाएँ और हिल साइड सेफ्टी हेतु कार्ययोजना तुरंत तैयार कर क्रियान्वित की जाए।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर लालकुआं से गौलापार तथा रामनगर-काशीपुर मार्ग पर रोड सेफ्टी के उपाय तुरंत करने और जिले में अवशेष ब्लैक स्पॉट समाप्त करने के निर्देश दिए। हल्द्वानी नगर में चौड़े किए गए चौराहों का बाइंडिंग कार्य भी लोनिवि द्वारा जल्द कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने हेतु राजस्व, परिवहन और पुलिस विभागों द्वारा संयुक्त अभियान चलाकर कड़ाई से प्रवर्तन सुनिश्चित किया जाए। एनएचएआई को बरेली रोड के तीनपानी स्थान पर डिवाइडर, साइनेज और अन्य चेतावनी संकेतक बोर्ड तुरंत लगाने के निर्देश भी दिए गए। सभी विभागों को सड़क किनारे अनियंत्रित रूप से पड़ी निर्माण सामग्री हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ड्रिंक एंड ड्राइव, ओवरलोडिंग और यात्री सुरक्षा पर सख्त कार्यवाही करने के लिए परिवहन एवं पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय प्रत्येक चालक का यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय, अधीक्षण अभियंता लोनिवि मनोहर सिंह धर्मशक्तू, आयुक्त नगर निगम परितोष वर्मा, संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *