सभासदों संग बैठक में जिलाधिकारी ने सुनी समस्याएं

सीवर व सड़क मरम्मत कार्यों में तेजी के निर्देश

भीमताल : नगर की जमीनी समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी वंदना ने मंगलवार को नगर के सभासदों संग बैठक कर वार्डवार समस्याओं को गंभीरता से सुना। बैठक में सीवर लाइन लीकेज, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, शौचालय निर्माण, जल बिल और नाले-दीवारों की मरम्मत जैसी प्रमुख समस्याएं उठाई गईं।जिलाधिकारी ने कहा कि नगर की समस्याओं के निस्तारण को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है और वह 15 जुलाई के बाद स्वयं सभी वार्डों का औचक निरीक्षण करेंगी।
———————————————
सीवर मरम्मत के लिए मिली 72 लाख की धनराशि

बैठक में सबसे ज्यादा शिकायतें सीवर लाइन लीकेज की आईं। जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता से जानकारी ली, जिस पर बताया गया कि सीवर मरम्मत के लिए 72 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है, और टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मानसून के दौरान ही यह कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया जाए।
———————————————
सड़क मरम्मत कार्य सीवर कार्य के बाद शुरू होंगे

लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया कि आंतरिक मार्गों की मरम्मत का कार्य सीवर कार्य पूर्ण होने के तत्काल बाद शुरू किया जाए ताकि नागरिकों को असुविधा न हो। प्राप्त धनराशि का उपयोग जल्द से जल्द कर कार्य को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने को कहा गया।
———————————————-
पेड़ों की लॉपिंग और वन क्षेत्र में पैदल मार्ग की मरम्मत के निर्देश

नगर में विद्युत लाइनों से सटे पेड़ों की लॉपिंग को लेकर भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग और वन विभाग को संयुक्त रूप से कार्य करते हुए संवेदनशील इलाकों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वन क्षेत्रों में आने वाले क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों के लिए प्रस्ताव तैयार कर मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू करने को कहा।
———————————————
शौचालय और स्ट्रीट लाइट कार्य नगर पालिका कराएगी

बैठक में नए सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण और पुराने के सुधारीकरण, साथ ही स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग पर जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्य नगर पालिका के माध्यम से कराए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन आर्थिक सहयोग भी देगा।
———————————————-
जल बिलों को लेकर कैंप लगाएगा जल संस्थान

पानी के बढ़ते बिलों की समस्या को लेकर सभासदों ने नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने जल संस्थान को निर्देशित किया कि प्रत्येक वार्ड में समाधान हेतु शिविर (कैंप) लगाए जाएं, जिससे आमजन को राहत मिल सके।
———————————————-
नैनीताल में जल्द लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

सभासदों की मांग पर जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि नैनीताल नगर में शीघ्र ही सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और प्रक्रिया अंतिम चरण में है। बैठक में लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, विद्युत विभाग और वन विभाग के अधिकारियों के साथ नगर के सभी वार्डों के सभासद उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *