भीमताल । कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान खेल और खिलाड़ियों के प्रति विशेष उत्साह के साथ नजर आए। स्थानीय इंडोर स्टेडियम पहुंचकर उन्होंने खेल व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और स्वयं बैडमिंटन कोर्ट पर उतरकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
स्टेडियम में पहुंचते ही आयुक्त ने बैडमिंटन रैकेट थामकर नन्हे खिलाड़ियों के साथ खेला। आयुक्त को अपने बीच खिलाड़ी के रूप में पाकर बच्चे उत्साहित दिखे। खेल के बाद उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि खेल में आगे बढ़ने के लिए यदि किसी विशेष सुविधा की आवश्यकता हो तो खिलाड़ी निसंकोच अवगत कराएं।
संवाद के दौरान खिलाड़ियों ने बालिकाओं के लिए पृथक चेंजिंग रूम निर्माण तथा बैडमिंटन कोर्ट की मरम्मत की मांग रखी। मंडलायुक्त ने मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और आश्वस्त किया कि चेंजिंग रूम एवं कोर्ट मरम्मत का कार्य शीघ्र कराया जाएगा।
भ्रमण के दूसरे दिन ताइक्वांडो में पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों ने आयुक्त से भेंट की। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से वे नई ऊंचाइयों को प्राप्त करें और जनपद व प्रदेश का नाम रोशन करें। इस दौरान जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे भी मौजूद रहीं।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी गुंजन बाला, तहसीलदार ऋतु गोस्वामी, कोच कमलेश तिवारी, गोकुल खेतवाल सहित अन्य खिलाड़ी उपस्थित रहे।