क्रिटिकल केयर ब्लॉक निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा: कुमाऊं कमिश्नर

भीमताल। कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने खोली स्थित निर्माणाधीन 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। पानी की फिजूल बर्बादी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित ठेकेदार पर ₹20 हजार का अर्थदंड लगाने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में गुणवत्ता या समयबद्धता में कमी पाए जाने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंडलायुक्त ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कार्यदायी संस्था की लैब में रेत और कंक्रीट के सैंपल का अपने समक्ष परीक्षण कराया। अधिकारियों को नियमित रूप से सामग्री की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण में किसी प्रकार की तकनीकी कमी न रहे।
एसीएमओ दीपक कुमार ने बताया कि क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण ₹20 करोड़ 58 लाख की लागत से किया जा रहा है। इस परियोजना के पूर्ण होने पर जनपद में गंभीर रूप से बीमार मरीजों को आधुनिक और सुसज्जित उपचार सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *