अब पात्र दिव्यांगों को मिलेगी ₹1500 मासिक पेंशन
भीमताल : ओखलकांडा ब्लॉक के दूरस्थ क्षेत्र पतलोट में मंगलवार को स्वास्थ्य एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने किया। इस मौके पर ग्रामीण क्षेत्रों से आए सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य जांच और प्रमाण पत्र निर्माण की सुविधा का लाभ उठाया।
पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों के बीपी, शुगर, आंख, कान, हाथ-पैर व कमर से संबंधित जांच की गई। साथ ही बीमार लोगों को निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। शिविर की विशेष उपलब्धि यह रही कि इसमें लगभग 40 से 50 दिव्यांग जनों के दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए।
विधायक कैड़ा ने बताया कि प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले पात्र व्यक्तियों को अब सरकार द्वारा ₹1500 मासिक दिव्यांग पेंशन प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्रों के दिव्यांगों को प्रमाण पत्र बनवाने के लिए हल्द्वानी या नैनीताल नहीं जाना पड़ेगा। ग्रामीणों ने बताया कि पहले कई बार प्रमाण पत्र बनवाने के प्रयास किए गए, लेकिन उन्हें बार-बार निराश होकर लौटना पड़ता था। विधायक कैड़ा ने जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इस शिविर का आयोजन स्थानीय स्तर पर करवाया, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिली है।
शिविर के सफल आयोजन और सुविधाएं घर द्वार तक लाने के लिए ग्रामीणों ने विधायक कैड़ा का आभार जताया और इसे एक सराहनीय पहल बताया।