राममूर्ति अस्पताल की पहल, नगर पालिका मैदान में होगा आयोजन
भीमताल : राममूर्ति स्मारक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के सौजन्य से बुधवार को भवाली नगर पालिका मैदान में एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टर मरीजों को परामर्श देंगे और प्रारंभिक जांचें पूरी तरह निशुल्क की जाएंगी। शिविर का शुभारंभ बुधवार सुबह 11 बजे भवाली के सांस्कृतिक मंच पर किया जाएगा। आयोजक प्रकाश आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर में हड्डी एवं जोड़ रोग, नेत्र रोग, ईएनटी (कान, नाक, गला), चर्म रोग समेत अन्य प्रमुख बीमारियों की जांच की जाएगी। इसके साथ ही घुटना व कूल्हा प्रत्यारोपण से जुड़ी समस्याओं के लिए विशेष परामर्श भी उपलब्ध रहेगा।शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों तक उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। आयोजकों ने बताया कि परामर्श, जांच व दवा वितरण पूरी तरह निशुल्क रहेगा। इसके अतिरिक्त आयुष्मान कार्ड धारकों को उनके कार्ड से संबंधित लाभ भी इस शिविर में उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रकाश आर्य ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाएं।