ब्लैक स्पॉट सुधारने, स्पीड ब्रेकर और कैमरे लगाने के निर्देश; रांग साइड वाहन चलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
भीमताल। तीनपानी बाईपास मार्ग पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को जिलाधिकारी कैंप कार्यालय में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) को चिह्नित कर तत्काल सुधार करने को कहा।
डीएम ने सड़क पर स्पष्ट साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर और रंबल स्ट्रिप लगाने के साथ ही रात में दृश्यता बढ़ाने के लिए सेंसरयुक्त एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए। रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड और कैमरे लगाने के साथ ही ओवरस्पीडिंग पर सख्ती करने को कहा गया।
उन्होंने एनएच और एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देशों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। पुलिस विभाग को पीक आवर्स में पेट्रोलिंग बढ़ाने और परिवहन विभाग को सप्ताह में कम से कम दो दिन ओवरस्पीडिंग व रांग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए। रांग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान, लाइसेंस निलंबन, वाहन सीज करने के साथ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 के तहत कार्रवाई करने को कहा गया।
खनिज वाहनों से क्षतिग्रस्त सड़कों की होगी मरम्मत
डीएम ने संवेदनशील मार्गों व चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर क्रैश बैरियर, चेतावनी बोर्ड, पैराफिट और गति सीमा नियंत्रण की व्यवस्था तत्काल करने के निर्देश दिए। कोसी, अमृतपुर और गौला क्षेत्र में खनिज वाहनों से क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत के लिए खनिज न्याय निधि से 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। लोनिवि अधिकारियों को इन मार्गों की शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए गए।
बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों का कराया चालान
सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी स्वयं सड़क पर पहुंचे और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों का चालान कराया। परिवहन विभाग की ओर से उन्हें हेलमेट भी वितरित किए गए। डीएम ने स्वयं हेलमेट पहनाकर वाहन चालकों को भविष्य में बिना हेलमेट वाहन न चलाने की हिदायत दी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिगों को किसी भी दशा में वाहन चलाने की अनुमति न दें।
डीएम ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दुर्घटना के दिन से सात दिन तक अथवा 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात जगदीश चंद्र, संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडे, सचिव विकास प्राधिकरण मनीष कुमार, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, अधिशासी अभियंता लोनिवि रतनेश सक्सेना, आरटीओ रामनगर पंकज श्रीवास्तव, प्रत्यूष सिंह समेत एनएच, एनएचएआई, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।