बनभूलपुरा में नालों पर बने 20 से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त

जलभराव से निजात दिलाने को प्रशासन और नगर निगम का संयुक्त अभियान, जेसीबी से हटाया अतिक्रमण

भीमताल । मानसून में शहर में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने शनिवार को बनभूलपुरा क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में प्रशासन व नगर निगम की संयुक्त टीम ने लाइन नंबर-1 स्थित ईदगाह के पास नालों पर किए गए अवैध निर्माणों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।

अधिकारियों के अनुसार नालों पर अतिक्रमण होने से बरसात के दौरान पानी की निकासी बाधित हो रही थी। इसके चलते सड़कें जलमग्न होने के साथ ही स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। प्रशासन की ओर से अतिक्रमणकारियों को पहले नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण न हटाए जाने पर शनिवार को संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान नालों और नालियों पर बने 20 से अधिक पक्के अवैध निर्माण जेसीबी की मदद से ध्वस्त किए गए।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने कहा कि शहर की जल निकासी व्यवस्था को बाधित करने वाले किसी भी अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है।

नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव से राहत दिलाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। शहर के सभी नालों और राजकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

प्रशासन ने लोगों से सार्वजनिक नालों, नालियों और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण न करने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। शहर को जलभराव से मुक्त बनाने के लिए अभियान चरणबद्ध तरीके से अन्य क्षेत्रों में भी चलाया जाएगा।

अभियान में प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *