जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लंबित प्रकरण शून्य, डीएम के निर्देशों का दिखा असर

दिसंबर माह में प्राप्त सभी आवेदनों का किया गया निस्तारण

भीमताल। जनपद में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित लंबित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा दिए गए सख्त निर्देशों का प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद के सभी निकायों एवं विकास खंडों में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के लंबित प्रकरणों की संख्या अब शून्य हो गई है।
जिलाधिकारी ने पूर्व में जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों, पंजीकरण अधिकारियों, रजिस्ट्रारों एवं स्थानीय निकायों के अधिकारियों को आवेदनों का त्वरित निस्तारण कर समय पर प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए थे, ताकि आमजन का नाम सरकारी अभिलेखों में समय से दर्ज हो सके और उन्हें सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ मिल सके।
आंकड़ों के अनुसार दिसंबर माह में जनपद में मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए कुल 272 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनका पूर्ण रूप से निस्तारण करते हुए सभी आवेदकों को प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए। इसी प्रकार जन्म प्रमाण पत्र के लिए प्राप्त 436 आवेदनों पर भी समयबद्ध कार्रवाई करते हुए सभी प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं। वर्तमान में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित कोई भी प्रकरण लंबित नहीं है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आम जनता के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूर्ण किया जाए तथा सरकारी सेवाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *