तल्ली दिनी में गुलदार पिंजरे में कैद, विधायक कैड़ा ने महिलाओं से सतर्क रहने की अपील

रामगढ़ के मछखाली में भी पकड़ा गया गुलदार, डीएनए जांच के बाद होगी स्थिति स्पष्ट

भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल में गुलदार के हमलों से दहशत के बीच वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। धारी ब्लॉक के तल्ली दिनी क्षेत्र में उस स्थान के समीप एक गुलदार पिंजरे में कैद हुआ है, जहां विगत दिनों एक महिला को गुलदार ने निवाला बनाया था। सूचना मिलते ही विधायक राम सिंह कैड़ा एवं वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
इसके साथ ही रामगढ़ ब्लॉक के मछखाली क्षेत्र में भी एक अन्य गुलदार को पकड़ा गया है। दोनों गुलदारों को रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भेजा गया है। विधायक राम सिंह कैड़ा ने बताया कि फिलहाल आदमखोर बाघ या गुलदार की पुष्टि नहीं हो पाई है। तल्ली दिनी में पकड़े गए गुलदार का डीएनए परीक्षण कराया जाएगा, जिसके बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
विधायक कैड़ा ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि आदमखोर बाघ या गुलदार की पुष्टि होती है तो नियमानुसार उसे मारने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जब तक आदमखोर वन्यजीव को पकड़ा या मारा नहीं जाता, तब तक ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहेगा।
विधायक कैड़ा लगातार बाघ एवं गुलदार प्रभावित गांवों में डटे हुए हैं और वन विभाग के अधिकारियों एवं शिकारी दल के साथ गश्त कर रहे हैं। साथ ही विभाग द्वारा की जा रही प्रत्येक गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।
उन्होंने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ एवं भीमताल क्षेत्र की माताओं-बहनों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विधायक ने लोगों से जंगलों में अकेले न जाने, समूह में ही बाहर निकलने तथा बच्चों को अकेले स्कूल न भेजने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *