भीमताल। सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी की लगातार पैरवी और प्रयास आखिरकार रंग लाए हैं। भीमताल के वार्ड 3 और 4 सहित पर्यटन नगरी नौकुचियाताल तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से बनी हुई बिजली संकट की समस्या के समाधान के लिए विद्युत विभाग ने क्षेत्र में कार्य प्रारंभ कर दिया है। पिछले वर्ष बृजवासी ने इस मामले को गंभीरता से उठाते हुए इसे शासन के समाधान पोर्टल पर दर्ज कराया था। उनकी मांग पर विद्युत विभाग ने 11 केवी की लगभग 85 किमी लंबी भीमताल-नौकुचियाताल विद्युत लाइन के पोषक विभाजन का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था। लगभग 143.39 लाख रुपये की इस परियोजना को अब वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है तथा विभाग ने फील्ड में कार्य शुरू कर दिया है। क्षेत्र के करीब 4200 उपभोक्ता बीते कई वर्षों से बार-बार की बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और खराब होते घरेलू उपकरणों की समस्या से जूझ रहे थे। खासकर पर्यटन सीजन में बिजली की अनियमितता स्थानीय व्यवसायियों और होटल कारोबार से जुड़े लोगों के लिए गंभीर परेशानी बन जाती थी। पर्यटन पर निर्भर अर्थव्यवस्था को इससे प्रत्यक्ष नुकसान होता था। ग्रामीणों और व्यापारियों की इस समस्या को बृजवासी ने लगातार शासन और विभाग के समक्ष रखा। उनकी सक्रियता के चलते अब इस परियोजना पर अमल शुरू हो गया है। कार्य पूरा होने पर क्षेत्र में लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद है। स्थानीय निवासियों और पर्यटन व्यवसायियों ने बृजवासी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा है कि यदि विभाग शीघ्रता से कार्य पूर्ण करता है तो हजारों उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। क्षेत्रवासी अब उम्मीद कर रहे हैं कि आगामी सीजन से पहले विद्युत आपूर्ति सुचारू हो जाएगी।