कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने परिवार संग किया कार्यक्रम में सहभाग, श्रीराम के आदर्शों पर चलने का आह्वान
भीमताल । सरोवर नगरी नैनीताल में विजयादशमी का पर्व पूरे उत्साह, भव्यता और सांस्कृतिक परंपरा के साथ मनाया गया। गुरुवार को डीएसए मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत अपने परिवार सहित पहुंचे। उन्होंने उपस्थित नागरिकों और श्रद्धालुओं को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादा और सदाचार का प्रतीक है तथा समाज को उनके आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए। डीएसए मैदान में राम–रावण संवाद का मंचन होने के बाद युद्ध का दृश्य प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया। कार्यक्रम को देखने के लिए शहरवासियों, महिलाओं, बच्चों और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी रही और हर ओर जय श्रीराम के उद्घोष गूंजते रहे। तल्लीताल क्षेत्र में भी पारंपरिक अंदाज में राम सेना की शोभायात्रा निकाली गई, जो मालरोड तक पहुंची। शोभायात्रा के दौरान भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान के स्वरूपों के साथ चल रहे रावण के पुतले ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
श्रीराम सेवक सभा की ओर से रामलीला का मंचन भी जारी रहा, जिसमें विजयादशमी के प्रसंगों का सजीव चित्रण किया गया। सभा भवन और डीएसए मैदान में राम–रावण संवाद और युद्ध के दृश्य दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बने। पारंपरिक विधि से रावण दहन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ और लोगों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया।