मुक्तेश्वर में बिजली चोरी का भंडाफोड़

ऊर्जा निगम ने तीन उपभोक्ताओं पर लगाया जुर्माना

भीमताल : ऊर्जा निगम भीमताल ने मुक्तेश्वर क्षेत्र में घरेलू बिजली कनेक्शन का दुरुपयोग कर व्यावसायिक गतिविधियों में बिजली जलाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान तीन उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया, जिन पर दंडात्मक जुर्माना लगाया गया है और उनके कनेक्शन तत्काल प्रभाव से काट दिए गए हैं।
ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता एस.के. सहगल ने बताया कि विभाग को शिकायत मिली थी कि मुक्तेश्वर क्षेत्र में कई होटल और रिजॉर्ट घरेलू बिजली कनेक्शन का उपयोग कर व्यावसायिक गतिविधियों में बिजली की खपत कर रहे हैं। इस पर विभागीय टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। जांच के दौरान पाया गया कि तीन उपभोक्ता दो से तीन किलोवाट के घरेलू कनेक्शन से 16 से 20 किलोवाट तक बिजली की खपत कर रहे थे।
ऊर्जा निगम की एसडीओ काजल रैकुनी ने बताया कि बिजली चोरी में पकड़े गए उपभोक्ताओं पर जुर्माना लगाया गया है और उनके मीटर की जांच कर चोरी की गई बिजली की राशि वसूल की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए निगम लगातार निगरानी करेगा।

छापेमारी के दौरान एक दर्जन से अधिक स्थानों पर जांच की गई, जिससे बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया। निगम ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *