डीएसबी कैंपस पहुंचे आयुक्त दीपक रावत, बोले— नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने का मजबूत माध्यम हैं संग्रहालय
भीमताल, 22 मई। कुमाऊं आयुक्त व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शुक्रवार को डीएसबी कैंपस स्थित हिमालय संग्रहालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संग्रहालय में संरक्षित ऐतिहासिक धरोहरों, प्राचीन उपकरणों, पारंपरिक आभूषणों और विभिन्न संगीत वाद्ययंत्रों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने शोध कार्य में जुटे छात्र-छात्राओं से संवाद कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने छात्रों को शोध के क्षेत्र में निरंतर अध्ययन, नई सोच और गहन विश्लेषण अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि बेहतर शोध के लिए विषय की गहराई में जाना जरूरी है।
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि हिमालय संग्रहालय में ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की कई दुर्लभ वस्तुएं संरक्षित हैं, लेकिन सीमित स्थान होने के कारण सभी सामग्री का उचित प्रदर्शन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने संग्रहालय के विस्तार के लिए अतिरिक्त भूमि चिन्हित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संग्रहालय नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, इतिहास और विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं। ऐतिहासिक धरोहरों और उपकरणों को देखकर युवाओं में नई सोच विकसित होती है और इतिहास के प्रति रुचि बढ़ती है।
इस अवसर पर प्रो. सावित्री कैड़ा जंतवाल, प्रो. संजय घिल्डियाल, प्रो. संजय टम्टा, डॉ. मनोज बाफिला, पी.एस. अधिकारी, डॉ. भुवन चन्द्र शर्मा, डॉ. विरेन्द्र पाल समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।