किसानों की समस्याओं के समाधान पर जोर, किसान आयोग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश

भीमताल, 18 जून। राज्य अतिथि गृह काठगोदाम के सभागार में उत्तराखंड किसान आयोग की ओर से किसानों के हित में संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता किसान आयोग के उपाध्यक्ष अजीत चौधरी ने की।

बैठक का संचालन इफको के जिला प्रबंधक दीपक आर्य द्वारा किया गया। इस दौरान किसान आयोग के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नामधारी ने किसानों द्वारा उठाई गई विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में कृषि, पशुपालन, उद्यान, डेयरी, मत्स्य, रेशम, जड़ी-बूटी, सहकारिता, लघु सिंचाई, सिंचाई, मंडी समिति, रीप, विद्युत, गन्ना, जिला लीड बैंक तथा कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न विभागों द्वारा किसानों के लिए संचालित योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की स्थिति पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम में किसान आयोग के सदस्य संजय डर्बी एवं चतुर सिंह बोरा सहित जिले के सभी विकासखंडों से आए किसानों ने भाग लिया। किसानों ने कृषि, सिंचाई, पशुपालन और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं को बैठक में रखा, जिनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में किसानों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *