दर्शकों ने उठाया कलाकारों की प्रस्तुति का आनंद
भीमताल : सरस आजीविका मेला के अंतर्गत गुरुवार देर शाम आयोजित सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखंड के लोक कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। लोकगीतों और नृत्य के रंगारंग आयोजन में दर्शकों ने भी जमकर ठुमके लगाए और उत्तराखंडी संस्कृति का आनंद लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू ने कहा कि यह मेला महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके उत्पादों को बाजार तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है, जिससे उन्हें अपनी आजीविका सुधारने में सहायता मिल रही है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि विकास खंड कोटाबाग के प्रशासक रवि कन्याल, जनप्रतिनिधि और कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और उनका उत्साहवर्धन किया।
सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक गायक इंदर आर्या, राकेश खनवाल, नीरज चुफाल सहित अन्य कलाकारों ने बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं। उनकी गायकी और संगीत से सजी इस शाम में दर्शकों ने भरपूर उत्साह दिखाया और लोकसंस्कृति के रंग में रंग गए।
सरस आजीविका मेला न सिर्फ महिला समूहों के लिए एक बड़ा मंच साबित हो रहा है, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति को बढ़ावा देने का भी अवसर प्रदान कर रहा है।