ओखलकांडा क्षेत्र में सड़कों के निर्माण कार्यों में अनियमितता पर भड़के पूर्व दर्जा राज्य मंत्री हरीश पनेरू 

थाना खनस्यूं में दी तहरीर, भ्रष्टाचार और लापरवाही की जाँच की मांग

भीमताल । विधानसभा भीमताल  के अंतर्गत आने वाले ओखलकांडा विकासखंड में सड़कों के निर्माण कार्यों में हो रही अनियमितताओं को लेकर पूर्व दर्जा राज्य मंत्री हरीश पनेरू ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने थाना खनस्यूं में तहरीर देकर मामले की जाँच कर भारतीय दंड संहिता की धारा 318 के तहत अभियोग पंजीकृत करने की मांग की है। हरीश पनेरू ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत बनने वाली सड़कों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और निम्न स्तरीय कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यालय से लेकर क्षेत्र तक जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार जनता के धन का दुरुपयोग कर रहे हैं, जिससे जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।पूर्व दर्जा मंत्री ने कहा कि यह सब शासन-प्रशासन की जानकारी में होने के बावजूद सुधारात्मक कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने इन कार्यों में संलिप्त अधिकारियों और ठेकेदारों पर भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी, अराजकता और अपराध के आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जाँच की मांग की है। हरीश पनेरू ने कहा कि यह मामला जनता के हित और सरकारी धन की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। ऐसे में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपेक्षा जताई कि मामले की गहन जाँच कर दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पत्र में उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो जनहित में आंदोलन की राह अपनाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *