ग्राफिक एरा के विदेशी छात्र वास्को ने निबंध प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम रनर-अप स्थान

माइन एक्शन एंड सेफ्टी की अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, नई दिल्ली में मिला सम्मान

भीमताल। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के भीमताल परिसर के अंतरराष्ट्रीय छात्र वास्को डागामा कैलिस्टो मोंड्री ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। बी.फार्मा सातवें सेमेस्टर में अध्ययनरत दक्षिण सूडान के छात्र वास्को ने इंडिया इंटरनेशनल फोरम ऑन माइन एक्शन एंड सेफ्टी (IIFOMAS) की वार्षिक संगोष्ठी 2026 में आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रथम रनर-अप स्थान प्राप्त किया।

होराइजन सेफर वर्ल्ड फाउंडेशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता का विषय ‘माइन एक्शन : राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर संघर्षोत्तर पुनर्वास के लिए प्रयास’ था। वास्को ने ‘बिटवीन वल्नरेबिलिटी एंड वैनगार्ड : ग्लोबल माइन एक्शन में भारत की दोहरी भूमिका’ शीर्षक से निबंध प्रस्तुत किया। इसमें उन्होंने बारूदी सुरंगों और बिना विस्फोट हुए आयुधों से उत्पन्न चुनौतियों, इनके समाधान में भारत की भूमिका तथा प्रभावित समुदायों की सुरक्षा एवं पुनर्वास में आधुनिक तकनीक और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के महत्व को रेखांकित किया।

इस उपलब्धि के लिए वास्को को पांच नवंबर को नई दिल्ली स्थित मानेकशॉ सेंटर के अशोक हॉल में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। संगोष्ठी में रक्षा क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों, राजनयिकों, शिक्षाविदों और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान बारूदी सुरंगों से जुड़ी वैश्विक चुनौतियों और मानवीय सरोकारों पर चर्चा की गई।

वास्को की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के भीमताल परिसर के निदेशक ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां अन्य छात्रों को भी अकादमिक गतिविधियों और नए अवसरों में भाग लेने के लिए प्रेरित करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *