200 से अधिक मॉडल्स और गतिविधियों में दिखी विद्यार्थियों की प्रतिभा
भीमताल : जीडी गोयनका इंटरनेशनल स्कूल, नैनीताल में वार्षिक लर्नर्स एक्जीबिशन 2025-26 का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, कला, संस्कृति, संगीत, आईटी, वाणिज्य, खेल और भाषाओं सहित विभिन्न विषयों में अपनी रचनात्मकता और ज्ञान का बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस मौके पर 200 से अधिक इंटरएक्टिव मॉडल्स और गतिविधियों के माध्यम से छात्रों ने अपनी रुचियों और हुनर को प्रस्तुत किया। बच्चों ने रॉकेट लॉन्च, पुल निर्माण, विभिन्न प्रयोगों, कठपुतली शो, स्किट और ऑनलाइन गेम्स जैसे आकर्षक प्रदर्शनों से उपस्थित अभिभावकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने न सिर्फ उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया बल्कि उन्हें अपनी रचनात्मक सोच और क्षमताओं को निखारने का अवसर भी दिया। माता-पिता ने भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में भाग लिया और छात्रों की प्रतिभा को सराहा। विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री आकर्ष अग्रवाल और प्रधानाचार्य श्री ध्रुब दास की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम को भव्य रूप मिला। उन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में शोध, प्रस्तुति कौशल और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
विद्यालय के आयोजक श्री हरीश जोशी ने बताया कि यह प्रदर्शनी न केवल छात्रों के लिए सीखने का माध्यम बनी, बल्कि शिक्षकों और अभिभावकों के लिए भी यह एक समृद्ध अनुभव रहा। उन्होंने इस पहल को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। विद्यालय की यह लर्नर्स एक्जीबिशन स्कूल की नवाचारपूर्ण शिक्षा प्रणाली और विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।