नावार्ड योजना से स्वीकृत 2.44 करोड़ की लागत से बनेगा मार्ग, ग्रामीणों ने जताया आभार
भीमताल : ओखलकांडा ब्लॉक के गैना गाँव को सड़क सुविधा से जोड़ने की ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने रविवार को ग्राम सभा ककोड के गैना गाँव के लिए लिंक मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस मार्ग की स्वीकृति राज्य योजना के अंतर्गत नावार्ड योजना से कराई गई है, जिसकी कुल लागत 2 करोड़ 44 लाख रुपये है। इससे पूर्व स्युड़ा से कौन्ता-ककोड तक मुख्य मोटर मार्ग का निर्माण प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGSY) के तहत किया जा चुका था, लेकिन गैना गाँव तक कनेक्टिविटी नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों को अपने दैनिक जरूरतों का सामान घोड़ों या सिर पर रखकर मुख्य मार्ग तक लाना पड़ता था। उन्होंने विधायक से गाँव तक सड़क निर्माण की मांग की थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए विधायक कैड़ा ने यह परियोजना स्वीकृत कराई। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर विधायक का आभार जताया। इस अवसर पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि हर गाँव को सड़क से जोड़ना मेरा संकल्प है और इस दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। गैना गाँव के लोगों की यह वर्षों पुरानी मांग थी, जो अब पूरी हो रही है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस पहल को विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।