भ्रमण को दिव्यता और भव्यता से सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तैयारियों के निर्देश
भीमताल । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की प्रस्तावित नैनीताल यात्रा के मद्देनज़र उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने मंगलवार को राजभवन नैनीताल में संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रपति का यह भ्रमण प्रदेश के लिए सम्मान और गौरव का विषय है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा को गरिमामय, भव्य और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाएँ गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएँ।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग परस्पर समन्वय के साथ कार्य करें और सुनिश्चित करें कि तैयारियों में कोई कमी न रहे। बैठक में बताया गया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नैनीताल राजभवन के 125 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगी। इसके अलावा वह कुमाऊँ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी तथा कैंचीधाम मंदिर में बाबा नींब करौली महाराज के दर्शन भी करेंगी। बैठक में सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, आयुक्त कुमाऊँ एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, अपर सचिव राज्यपाल रीना जोशी, प्रबंध निदेशक केएमवीएन विनीत तोमर, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, कुलपति कुमाऊँ विश्वविद्यालय प्रो. दीवान सिंह रावत, पुलिस अधीक्षक यातायात जगदीश चंद्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।