भीमताल । ओखलकांडा ब्लॉक के छिड़ाखान से अधोड़ा-मीडार मोटर मार्ग का लंबे समय से खराब होना क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ था। आए दिन इस मार्ग पर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी और ग्रामीणों को आवागमन व आवश्यक सामान ढोने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों की मांग पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री से इस मार्ग की दीवारों के निर्माण, सोलिंग, चौड़ीकरण व डामरीकरण की मांग की थी। विधायक की पहल पर मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत छिड़ाखान से डालकन्या-अधोड़ा-मीडार मोटर मार्ग (PMGYS फेज-3) के तहत लगभग 25 किमी लंबे मार्ग के लिए 19 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की, जिसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया।
मंगलवार को विधायक राम सिंह कैड़ा ने मार्ग पर चल रहे डामरीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। विधायक ने बताया कि मार्ग पर दीवार निर्माण, सोलिंग और चौड़ीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि डामरीकरण कार्य तेजी से प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि मार्ग का कार्य पूर्ण होने पर डालकन्या, अधोड़ा, सुवाकोट, पोखरी, अमजड, मीडार, पदमपुर सहित रीठा साहिब (चंपावत) क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो जाएगा।