स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण आने वाली पीढ़ियों के लिए है आधारशिला
भीमताल : विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के अवसर पर उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने गुरुवार को राजभवन परिसर, नैनीताल में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और संतुलित पर्यावरण केवल वर्तमान पीढ़ी के लिए ही नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। राज्यपाल ने कहा कि प्रकृति के अमूल्य उपहार — जैसे वन, नदियाँ, पर्वत और जैव विविधता — हमारे जीवन की आधारशिला हैं। इनका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे पर्यावरण की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करें और वृक्षारोपण को जीवन का हिस्सा बनाएं।पौधारोपण कार्यक्रम के अंतर्गत राजभवन परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार और औषधीय पौधे लगाए गए। राज्यपाल ने स्वयं पौधा लगाकर कार्यक्रम की शुरुआत की और पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि बढ़ता प्रदूषण, वनों की कटाई और जलवायु परिवर्तन जैसे संकटों से निपटने के लिए वृक्षारोपण एक प्रभावी कदम है। हर व्यक्ति को चाहिए कि वह कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसका संरक्षण सुनिश्चित करे। राज्यपाल ने पर्यावरण दिवस के इस अवसर पर सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वच्छ और हरित उत्तराखण्ड की दिशा में सकारात्मक भूमिका निभाएं।