भीमताल, 03 जून। मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना जनपद नैनीताल की एकल महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की नई राह खोल रही है। मुख्यमंत्री की पहल पर संचालित इस योजना के तहत अविवाहित, तलाकशुदा, निराश्रित एवं दिव्यांग महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
योजना के अंतर्गत लाभार्थी महिलाओं को 75 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है, जबकि शेष 25 प्रतिशत राशि स्वयं महिला द्वारा निवेश की जाती है। सरकार की ओर से अधिकतम दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे महिलाएं अपना स्वरोजगार स्थापित कर सकें।
बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) हल्द्वानी शिल्पा जोशी ने बताया कि जनपद नैनीताल में योजना का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। अब तक 30 महिलाओं को इसका लाभ मिल चुका है। इनमें 17 महिलाओं ने भैंस, गाय और बकरी पालन के माध्यम से आजीविका शुरू की है, जबकि 13 महिलाओं ने विभिन्न लघु उद्योग स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
उन्होंने बताया कि फरवरी माह में योजना की पहली किस्त जारी होने के बाद महिलाओं में उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा है। लाभार्थी महिलाएं अब अपने पैरों पर खड़े होकर सम्मानजनक जीवन जीने की ओर अग्रसर हैं।
योजना से जुड़ी महिलाओं की सफलता यह साबित कर रही है कि सही मार्गदर्शन और सरकारी सहयोग मिलने पर महिलाएं आत्मनिर्भरता की मिसाल बन सकती हैं। मुख्यमंत्री की इस पहल ने महिलाओं को न केवल आर्थिक मजबूती दी है, बल्कि समाज में सम्मान और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान किया है।