डीएसए मैदान में मुख्य कार्यक्रम, सांसद अजय भट्ट बोले— योग विषम परिस्थितियों में भी देता है संयम
भीमताल : ‘ योगा फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ’ थीम पर आधारित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर शुक्रवार को जनपद नैनीताल के विभिन्न स्थलों पर भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। डीएसए मैदान, नैनीताल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्य, दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं और नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। सांसद भट्ट ने कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि जीवन में संतुलन का आधार है। “जाहि विधि राखे राम, ताहि विधि रहिए…” का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को विषम परिस्थितियों में भी स्थिर बनाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से योग को मिली वैश्विक पहचान को भारत की संस्कृति के लिए गौरव बताया। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन योग करने और ‘Autobiography of a Yogi’ पुस्तक पढ़ने की प्रेरणा दी।
विधायक सरिता आर्य ने योग दिवस के आयोजन को सराहते हुए कहा कि यह कार्यक्रम प्रकृति और स्वास्थ्य से जुड़ने का अवसर है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधरोपण करने की अपील की और योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर बल दिया।
————————————————
अन्य स्थानों पर भी हुए योग कार्यक्रम
मुख्य कार्यक्रम के अतिरिक्त जिले के विभिन्न स्थानों पर भी योग दिवस मनाया गया:
- विधायक राम सिंह कैड़ा — विकास भवन, भीमताल
- आईटीबीपी कमांडेंट — आईटीबीपी कैंपस, हल्द्वानी
- एसएसपी पी.एन. मीणा — एसएसपी कार्यालय, हल्द्वानी
- विधायक सुमित ह्रदयेश — योग पार्क, हीरानगर
- जिला पंचायत सदस्य — आयुष ग्राम, कमलताल, नौकुचियाताल
———————————————
आयुष विभाग ने निभाई प्रमुख भूमिका
इस अवसर पर आयुष विभाग द्वारा जनजागरूकता के तहत 30 अप्रैल से निरंतर कार्यक्रम चलाए गए। डॉ. एम.एस. गुंज्याल के नेतृत्व में हुए कार्यक्रमों में 8 ब्लॉक स्तरीय शिविर, 5 हरित योग सत्र, 33 विद्यालयों में निबंध प्रतियोगिताएं, 194 ग्राम पंचायत स्तरीय कार्यक्रम, 49 योग बाइट्स और हल्द्वानी स्थित 50 बेड आयुष अस्पताल से लाइव स्ट्रीमिंग का आयोजन शामिल रहा। योग दिवस पर विशेषज्ञों ने बताया कि योग न केवल शारीरिक लचीलापन और संतुलन बढ़ाता है, बल्कि तनाव, चिंता और अवसाद में भी राहत देता है। यह आत्म-जागरूकता और आत्म-विश्वास को मजबूत कर स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करता है।