भीमताल। राज्य अतिथि गृह नैनीताल में मंगलवार को ‘महिला आयोग आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सायरा बानो एवं आयोग की सदस्यों ने महिलाओं की समस्याओं को सुना और संबंधित मामलों को कार्रवाई के लिए पुलिस विभाग को प्रेषित किया।
जनसुनवाई के दौरान आयोग के समक्ष कुल 8 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें मुख्य रूप से घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, संपत्ति विवाद, सोशल मीडिया के माध्यम से प्रताड़ना और पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले शामिल रहे। सभी प्रकरण पुलिस विभाग से संबंधित पाए गए, जिन्हें त्वरित जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।
इस अवसर पर महिला आयोग की उपाध्यक्ष सायरा बानो ने कहा कि राज्य सरकार और महिला आयोग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा तथा उन्हें न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि जो महिलाएं अपनी शिकायत लेकर आयोग तक नहीं पहुंच पाती हैं, उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए ‘महिला आयोग आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत प्रदेश के सभी जिलों में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आयोग का उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उनका शीघ्र समाधान करना है। जिन मामलों में दो पक्ष शामिल हैं, उनमें दोनों पक्षों को बुलाकर सुनवाई करते हुए निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
सायरा बानो ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की घटना या समस्या की सूचना निशुल्क दूरभाष नंबर 112 पर दें। इसके साथ ही गौरा शक्ति ऐप डाउनलोड कर अथवा महिला आयोग के दूरभाष नंबर पर संपर्क कर भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की ओर से प्रदेश के सभी 13 जनपदों में 13 मार्च 2026 तक महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस दौरान महिला आयोग की सदस्य उर्मिला जोशी, कंचन कश्यप, पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्रा, अपर जिला अधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, उप जिला अधिकारी नवाजिश खालिक, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुलेखा बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, महिला आयोग के प्रतिनिधि और शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।