विकास भवन में सीडीओ का औचक निरीक्षण, कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले, वेतन रोकने के निर्देश

भीमताल। मुख्य विकास अधिकारी ने सोमवार को विकास भवन स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कार्यालयों में कर्मचारी बिना अनुमति अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए।
औचक निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय, पंचस्थानी कार्यालय, जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, एआर कोऑपरेटिव कार्यालय तथा जिला पंचायतीराज अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में पंचस्थानी कार्यालय का एक कर्मचारी बिना अवकाश स्वीकृति के अनुपस्थित मिला। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित कर्मचारी के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। वहीं उद्यान विभाग के दो कर्मचारी भी बिना अवकाश स्वीकृति के अनुपस्थित पाए गए, जिनके एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
कोऑपरेटिव कार्यालय में भी लापरवाही सामने आई, जहां आठ कर्मचारी कार्यालय से नदारत मिले। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी के वेतन रोकने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही बायोमेट्रिक मशीन में कर्मचारियों की उपस्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर नाराजगी जताई गई। पाया गया कि कई कर्मचारी निर्धारित समय से पहले ही कार्यालय छोड़कर जा रहे हैं। इस पर निर्देश दिए गए कि कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति सुबह और शाम दोनों समय नियमानुसार दर्ज की जाए।
इसके अलावा जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में अवकाश प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में लापरवाही सामने आई। पाया गया कि पिछले दो माह से प्राप्त अवकाश प्रार्थना पत्र न तो स्वीकृत किए गए हैं और न ही अस्वीकृत, तथा उन्हें अवकाश रजिस्टर में भी दर्ज नहीं किया गया है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *