देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को न हो परेशानी, ट्रैफिक व सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
भीमताल, 14 जून। विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करोली महाराज के कैंची धाम स्थापना दिवस मेले को लेकर प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। 15 जून को आयोजित होने वाले स्थापना दिवस से एक दिन पहले रविवार को कुमाऊं मंडलायुक्त, आईजी कुमाऊं रेंज और एसएसपी नैनीताल ने भवाली, भीमताल और कैंची धाम क्षेत्र में पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं रेंज निवेदिता कुकरेती एवं एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने संयुक्त रूप से खुटानी, विकास भवन भीमताल, पार्किंग स्थलों, बैरियर ड्यूटी प्वाइंट और कैंची मंदिर परिसर का निरीक्षण कर यातायात एवं सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। अधिकारियों ने संभावित भीड़ और क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि बाबा नीम करोली महाराज के दर्शन के लिए देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बैरीकेडिंग, कतार प्रबंधन और पैदल श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मंदिर परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम एवं सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा एजेंसियों को हर गतिविधि पर सतर्क नजर बनाए रखने को कहा।
आईजी निवेदिता कुकरेती एवं एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और रूट डायवर्जन प्लान की मॉनिटरिंग की। पुलिस बल को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े और यातायात व्यवस्था हर हाल में सुचारु बनी रहे।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि मेला क्षेत्र में भारी पुलिस बल, विशेष सुरक्षा टीमों और सीसीटीवी कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है। पार्किंग स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।
नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से यातायात नियमों का पालन करने तथा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है, ताकि स्थापना दिवस मेला शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।