कैंची धाम मेले के चलते भीमताल और बेतालघाट के स्कूलों में कल अवकाश घोषित

भीमताल, 14 जून। कैंची धाम स्थापना दिवस मेले के दौरान संभावित भारी भीड़, यातायात दबाव एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने विकासखंड भीमताल एवं बेतालघाट क्षेत्र के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 15 जून को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विकासखंड भीमताल और बेतालघाट अंतर्गत संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई 15 जून 2026 (सोमवार) को बंद रहेगी। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्रों के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि यह निर्णय विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आमजन की सुविधा के साथ-साथ कानून व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, क्योंकि कैंची धाम मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक एवं बेसिक) तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास को निर्देशित किया गया है कि आदेश की सूचना समय रहते सभी विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के अभिभावकों तक पहुंचाई जाए।

हालांकि, संबंधित क्षेत्रों के अन्य सभी शासकीय कार्यालय पूर्ववत संचालित रहेंगे और अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समयानुसार कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे। जिलाधिकारी ने आदेश के कड़ाई से अनुपालन के निर्देश देते हुए लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *