भीमताल में श्रम विभाग कार्यालय खुलने की उम्मीद जगी, सीएससी सेंटरों की सूची तलब

भीमताल । विधानसभा क्षेत्र भीमताल के वासियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से लंबित भीमताल में श्रम विभाग कार्यालय खोले जाने की मांग अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। श्रम विभाग द्वारा नगर क्षेत्र अंतर्गत संचालित कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की सूची मांगी गई है, जिनमें से उपयुक्त स्थान पर किसी एक सीएससी का चयन कर श्रम विभाग से संबंधित कार्यों के लिए शीघ्र सेंटर खोले जाने की तैयारी है।
सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी द्वारा लगातार उठाई जा रही इस मांग को स्थानीय जनता का व्यापक समर्थन मिला। साथ ही जिले के प्रमुख समाचार पत्रों एवं न्यूज पोर्टलों में इस विषय को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद यह मुद्दा और अधिक प्रभावी रूप से सामने आया। जनसमर्थन और मीडिया दबाव के फलस्वरूप श्रम विभाग ने इस दिशा में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
श्रम विभाग की अधिकारी राबिया परवीन ने बताया कि औपचारिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। भीमताल नगर क्षेत्र के अंतर्गत संचालित सीएससी सेंटरों की सूची मंगाई जा रही है, जिनमें से उपयुक्त सीएससी का चयन कर जनता के लिए श्रम संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस सेंटर के खुलने से भीमताल, रामगढ़, ओखलकांडा एवं धारी विकासखंडों के निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा और श्रम विभाग से जुड़े कार्यों के लिए उन्हें जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। स्थानीय लोगों ने इस पहल को जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *