भीमताल, 4 जुलाई। राज्य सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” संकल्प तथा “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत आयोजित 15 दिवसीय सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ शनिवार को हुआ। इसी क्रम में नैनीताल जनपद के विकासखंड भीमताल में “रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल विकास” विषय पर बहुउद्देशीय जनसंवाद एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया।
विकासखंड सभागार में आयोजित शिविर का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्या, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाकर प्रत्येक पात्र व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक जनशिकायत का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के दौरान सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाएं। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से लाभ
शिविर में जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत लाभार्थियों को टैक्सी सेवा, ईको वैन, रेस्टोरेंट एवं जनरल स्टोर जैसे स्वरोजगार कार्यों के लिए आर्थिक सहायता एवं सब्सिडी प्रदान की गई। इसके अलावा चार लाभार्थियों को स्वरोजगार योजना के अंतर्गत सब्सिडी का लाभ भी दिया गया।
102 प्रमाण-पत्र जारी, 74 शिकायतें प्राप्त
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा कुल 102 प्रमाण-पत्र जारी किए गए। 74 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 58 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 16 मामलों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा गया।
विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल
शिविर में जिला उद्योग, राजस्व, समाज कल्याण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, वन, सेवायोजन, आईटीआई, उद्यान, कृषि, जल जीवन मिशन, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, शिक्षा, आयुष, स्वास्थ्य तथा ग्राम्य विकास सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया।
राजस्व विभाग ने 45 भू-हिस्सा प्रमाण-पत्र, चार जन्म प्रमाण-पत्र एवं चार विरासत प्रमाण-पत्र जारी किए। आयुष विभाग ने 37 लोगों को निःशुल्क औषधियां वितरित कीं तथा 18 लोगों की बीपी एवं शुगर जांच की। स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण किया। बाल विकास विभाग ने तीन महालक्ष्मी किट वितरित कर विभिन्न महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी। खाद्य विभाग को प्राप्त 50 मामलों में से 35 का मौके पर निस्तारण किया गया।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के स्वयं सहायता समूहों ने स्थानीय एवं ऑर्गेनिक उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई, जिसे लोगों ने सराहा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दिया योजनाओं का संदेश
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत तारा राम कवि एंड पार्टी ने लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। जिला सूचना विभाग ने विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री एवं कैलेंडर भी वितरित किए।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना निदेशक चंद्रा फर्त्याल, खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग, जिला पंचायत सदस्य बहादुर सिंह नगदली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।