भीमताल विधानसभा में बंदरों का बढ़ता आतंक

विधायक कैड़ा ने किया गांवों का दौरा, डीएफओ नैनीताल को बंदर पकड़ने के दिए निर्देश

भीमताल। विधायक राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धानाचुली, चौरलेख, मज्यूली, महतोलियागाँव, रिठा पोखरा, नथुवाखान सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं जानी। ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष बंदरों के बढ़ते आतंक सहित विभिन्न समस्याओं को रखा। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में बंदरों का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदर बाजारों में पहुंचकर व्यापारियों की दुकानों से सामान उठा ले जा रहे हैं, राह चलते ग्रामीणों के हाथ से सामान छीन रहे हैं, यहां तक कि घरों के भीतर घुसकर राशन और अन्य सामान भी ले जा रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में बंदरों ने खेती-बारी को बुरी तरह चौपट कर दिया है, जिससे किसान आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं। ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक राम सिंह कैड़ा ने वन प्रभाग नैनीताल के डीएफओ से दूरभाष पर वार्ता कर भीमताल नगर, ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ व भीमताल ब्लॉक में बंदरों के बढ़ते प्रकोप पर गंभीर चिंता जताई। विधायक कैड़ा ने डीएफओ को निर्देश दिए कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के नगर सहित चारों ब्लॉकों में वन विभाग की अलग-अलग टीमें तैनात की जाएं, स्थान–स्थान पर पिंजरे लगाकर बंदरों को पकड़ा जाए और उन्हें अन्य कॉरपेट क्षेत्र के घने जंगलों में छोड़ा जाए। विधायक कैड़ा ने कहा कि बंदरों के लगातार बढ़ते आतंक से भीमताल विधानसभा क्षेत्र के लोगों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने वन विभाग से शीघ्र प्रभावी कार्रवाई कर आम जन, किसानों व व्यापारियों को राहत पहुंचाने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *