केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विकास गोष्ठी आयोजित, योजनाओं की दी जानकारी

विकास पुस्तिका का वितरण, जनप्रतिनिधियों और आमजन को योजनाओं से कराया अवगत

भीमताल, 12 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को विकासखंड हल्द्वानी सभागार में विकास गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे हुआ, जिसकी अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़ ने की। इस दौरान विकास पुस्तिका का वितरण किया गया तथा विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों एवं आमजन को दी गई।
गोष्ठी में एबीडीओ प्रदीप पंत ने मनरेगा के स्थान पर आगामी 1 जुलाई से प्रस्तावित बीबीजीआरजी योजना के संबंध में उपलब्ध जानकारी साझा की। साथ ही आवास प्लस ग्रामीण योजना के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं से अवगत कराया।
वहीं एडीओ समाज कल्याण कुमारी पूजा भट्ट ने समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। रीप एवं एनआरएलएम से संबंधित योजनाओं के बारे में समन्वयक मनोज भट्ट ने विस्तार से बताया। पंचायत विभाग से जुड़ी जानकारी देते हुए एडीओ पंचायत ललित सिंह ने जन्म-मृत्यु पंजीकरण, यूसीसी सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर उपस्थित लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत के विधायक प्रतिनिधि पूरन गौड़, क्षेत्र पंचायत सदस्य नेहा ओडिशा, भुवन प्रसाद, पूनम भट्ट, चिंतामणि पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा विकासखंड के समस्त एनआरएलएम एवं रीप स्टाफ, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *