भीमताल, 30 जून। रुद्रपुर नगर निगम के महापौर विकास शर्मा ने मंगलवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत से शिष्टाचार भेंट कर शहर के समग्र विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान महापौर ने बरसात के मौसम में रुद्रपुर में होने वाली जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आंतरिक मार्ग संख्या-87 पर अटरिया मोड़ से डीडी चौक होते हुए त्रिशूल चौक तक सड़क के दोनों ओर आरसीसी नालों के निर्माण हेतु आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि नगर निगम इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर चुका है, जिसकी अनुमानित लागत लगभग ₹16.61 करोड़ (₹1661.61 लाख) है।
महापौर ने कहा कि यह परियोजना शहर की जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने, वर्षाकाल में जलभराव की समस्या से राहत दिलाने तथा नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जिला विकास प्राधिकरण के माध्यम से शीघ्र धनराशि स्वीकृत करने का आग्रह किया।
कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने प्रस्ताव को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित और शहरी विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों के समन्वय से आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में रुद्रपुर के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान से जुड़े अन्य विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।