हल्द्वानी में नगर निगम का निरीक्षण अभियान: कूड़ा प्रबंधन में अनियमितता पर कार्रवाई

हल्द्वानी : शहर में सफाई व्यवस्था को सुधारने और कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम की टीम ने विभिन्न बैंक्विट हॉल और रेस्टोरेंट्स का निरीक्षण किया। इस अभियान का नेतृत्व उपनगर आयुक्त तुषार सैनी और सफाई निरीक्षक चतर सिंह ने किया।
निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में कूड़ा प्रबंधन में गंभीर खामियां पाई गईं, जिस पर जुर्माना लगाया गया और भविष्य में सुधार के निर्देश दिए गए।

कार्यवाही किए जाने वाले प्रतिष्ठान :-
वाटिका बैंक्विट हॉल में कूड़ा जलाने पर ₹3000 का चालान किया गया तथा गीला व सूखा कूड़ा अलग करने तथा कूड़े का निस्तारण नियम अनुसार करने की हिदायत दी गई।
शहर के सेलिब्रेशन बैंक्विट हॉल में भी कूड़े की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई जहां पर काफी गंदगी की हुई थी तथा बचा हुआ खाना इधर-उधर डाला हुआ पाया गया। इसके अतिरिक्त यहां पर प्लास्टिक ग्लासेस का भी इस्तेमाल किया जा रहा था जिस पर ₹5000 का चालान किया गया।
इसके अतिरिक्त वुडपैकर रेस्टोरेंट में कूड़े का निस्तारण सही प्रकार से न करने तथा खुला सोखता पिट बनाने के कारण आसपास के क्षेत्र में बदबू फैलने पर 7500 रुपए का चालान किया गया ।

जहां व्यवस्थाएं सही पाई गईं :-
पोट्स एंड स्टोंस रेस्टोरेंट और नॉर्थ हाउस होटल में सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। यहां गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग रखा जा रहा था, किचन में साफ-सफाई का ध्यान रखा गया, और डिस्पोजेबल बैग्स का उपयोग किया जा रहा था।
सख्त चेतावनी :-
नगर निगम ने कूड़ा प्रबंधन और सफाई में लापरवाही बरतने वाले प्रतिष्ठानों को भविष्य में सुधार लाने की सख्त हिदायत दी है। साथ ही, प्रदूषण फैलाने वाले प्रतिष्ठानों पर पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड को कार्रवाई के लिए पत्र प्रेषित किया जा रहा है।
इस अभियान से नगर निगम ने यह संदेश दिया है कि सफाई और पर्यावरण संरक्षण को लेकर किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *