पुराने राजस्व वादों के त्वरित निस्तारण के निर्देश, अवैध शराब पर सख्ती के आदेश

जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में स्वच्छता अभियान, सरकारी भूमि संरक्षण और कौशल विकास पर दिया जोर

भीमताल, 18 मई। ललित मोहन रयाल ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित राजस्व वादों, कानून व्यवस्था, राजस्व एवं अभियोजन कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वाहनों के सुव्यवस्थित उपयोग तथा ईंधन एवं तेल की बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बैठक वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि पुराने राजस्व वादों को प्राथमिकता के आधार पर नियमित सुनवाई के माध्यम से निस्तारित किया जाए। विभिन्न आयोगों से संबंधित जांच रिपोर्टों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखते हुए समयबद्ध तरीके से प्रेषित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को तहसीलों का नियमित निरीक्षण कर रिपोर्ट जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने तथा सामने आने वाली कमियों को प्राथमिकता से दूर करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उपजिलाधिकारी सरकारी भूमि के संरक्षक और कस्टोडियन हैं, इसलिए किसी भी विभाग या श्रेणी की सरकारी भूमि के संरक्षण को गंभीरता से लिया जाए। साथ ही खनिज प्रभावित क्षेत्रों में डिग्री स्तर पर अध्ययनरत विद्यार्थियों को आईटीआर और जीएसटी संबंधी प्रशिक्षण तथा बालिकाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें रोजगारपरक दक्षताओं से जोड़ा जा सके।

नगर निकायों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नगरीय और पैरी-अर्बन क्षेत्रों में राउंड द क्लॉक स्वच्छता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक कूड़ा उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों और संस्थानों को चिन्हित कर कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो। मच्छरों के लार्वा की रोकथाम के लिए अभी से विशेष अभियान चलाने और ग्रामीण एवं वन क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।

आबकारी विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अवैध शराब की तस्करी और कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाए।

बैठक में विवेक राय, सौरभ असवाल सहित सभी उपजिलाधिकारी और संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *