भीमताल। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडे की अध्यक्षता में विकास भवन भीमताल में ग्रामोत्थान REAP परियोजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने एरोमेटिक पौधों के रोपण को बढ़ावा देने के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों का एक्सपोजर विजिट सितारगंज कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने REAP परियोजना के अंतर्गत अल्ट्रा पुअर वर्ग में आशातीत प्रगति लाने पर जोर देते हुए सभी खंड विकास अधिकारियों को REAP एवं NRLM योजनाओं के कार्यों का नियमित निरीक्षण करने तथा समय-समय पर बैठकें आयोजित कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी 15 फरवरी तक REAP एवं NRLM के सभी कार्मिक अपने-अपने इनोवेटिव प्लान प्रस्तुत करें।
बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में वाहन पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए वालेट पार्किंग निर्माण हेतु स्थलों के चयन तथा इसके संचालन को समूहों को सौंपने के निर्देश दिए गए, जिससे समूहों को स्वरोजगार के अवसर मिल सकें।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि महिलाएं योगा ट्रेनर बनकर अपनी आजीविका सुदृढ़ कर सकती हैं। साथ ही फुटबॉल टर्फ एवं क्रिकेट बॉलिंग प्रैक्टिस मशीन का संचालन भी समूहों के माध्यम से कराए जाने के निर्देश दिए गए। नेटल ग्रास फैब्रिक के उत्पादन हेतु एक्सपोजर विजिट कराने तथा झीलों एवं अमृत सरोवरों के सौंदर्यीकरण का कार्य भी समूहों के माध्यम से कराने पर बल दिया गया। उन्होंने REAP परियोजना के अंतर्गत अधिक से अधिक महिलाओं को ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे महिलाएं स्वरोजगार की ओर अग्रसर होंगी। खंड विकास अधिकारी भीमताल एवं धारी को मॉडल विलेज सुनकिया में प्रगति लाने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही समूहों द्वारा कॉल सेंटर स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा गया कि इन केंद्रों के माध्यम से टीवी, फ्रिज सहित अन्य उपकरणों की मरम्मत की त्वरित सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, सहायक परियोजना निदेशक चंदा फर्त्याल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।