भीमताल। मल्लिकार्जुन स्कूल भीमताल में फ्यूचर ताइक्वांडो अकादमी के सहयोग से शनिवार को इंटर हाउस ताइक्वांडो प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। विभिन्न सदनों से लगभग 40 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलचंद और उप प्रधानाचार्य ममता बृजवासी ने विजेताओं व सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए शारीरिक व मानसिक सुदृढ़ता तथा आत्मसुरक्षा के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
प्रतियोगिता में अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने बेहतरीन मुकाबले प्रस्तुत किए, जिसमें प्रतिभागियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल किए। ताइक्वांडो कोच भरत सिजवाली ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए तकनीकी एवं आत्मविश्वास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
प्रतियोगिता के उपरांत सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र व मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ताइक्वांडो नेशनल एथलीट ज्योति दुर्गापाल, बीना बसेरा, शिवानी आर्या, किरन, सरिता आर्या, आरती बिष्ट सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।