4 माह बाद भी नहीं खुला जितेंद्र बोरा हत्याकांड, आक्रोशित लोगों ने खनस्यु थाने में दिया धरना

10 दिन में खुलासा नहीं हुआ तो होगा उग्र आंदोलन : पनेरू

भीमताल । पूर्व दर्जा राज्य मंत्री हरीश पनेरू के नेतृत्व में मंगलवार को खनस्यु थाने में धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने 4 जून को ओखलकांडा निवासी जितेंद्र बोरा की हुई हत्या का चार माह बाद भी खुलासा न होने पर तीखा रोष जताया। धरना स्थल पर संबोधित करते हुए पनेरू ने कहा कि इतने समय बीत जाने के बाद भी पुलिस हत्याकांड का पर्दाफाश नहीं कर पाई है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजन लगातार हत्या की आशंका जताते हुए संभावित नाम भी पुलिस को बता चुके हैं, बावजूद इसके पुलिस ने संदेहियों से कड़ाई से पूछताछ नहीं की। इस ढिलाई से क्षेत्र में जनाक्रोश तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 10 दिन के भीतर हत्या का खुलासा नहीं हुआ तो हल्द्वानी एसएसपी कार्यालय में उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस संबंध में दूरभाष पर एसपी ग्रामीण डॉ. जगदीश चंद्र एवं थाना प्रभारी खनस्यु को अवगत कराया गया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि 10 दिन के भीतर लाई डिटेक्टर टेस्ट करवा कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद ही परिजन धरना स्थल से उठे। धरना प्रदर्शन में मृतक जितेंद्र बोरा के माता-पिता सहित दीपक दुर्गापाल, राजेश नैनवाल, विक्रम बिष्ट, ललित मेलकानी, संजय नैनवाल, नीरज बोरा, पप्पू बोरा, पप्पू खनवाल, पूरन खनवाल, भवन सिंह बोरा, जगत बोरा, उमेद बोरा, मोहित पलड़िया, विजय बोरा, पंकज परगाई, प्रकाश दुर्गापाल, मदन बहुगुणा समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *